बिहार के रोहतास जिला स्थित बिक्रमगंज के तेंदुनी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक पूर्व विधायक सूर्यदेव सिंह द्वारा गोलीबारी करने और उसमें आठ साल की एक बच्ची की मौत होने तथा चार अन्य के घायल होने के बाद जदयू ने पूर्व विधायक को पार्टी से बरखास्त कर दिया हैl सूर्यदेव सिंह बिक्रमगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक हैं और जदयू से जुड़े हुए थेl उन्हें फायरिंग की वारदात में पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद पार्टी ने यह कार्रवाई की। इससे पूर्व रोहतास के पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि सिंह और उसकी पत्नी समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा पूर्व विधायक के घर से तीन राइफल एवं सात कारतूस भी जब्त किये गये हैंl बिक्रमगंज शहर के तेंदुनी में पूर्व विधायक सूर्यदेव सिंह व उनके भाई स्व चंद्रमा सिंह के परिवार के बीच वर्षों से भूमि विवाद चल रहा हैl रविवार को भूमि विवाद में ही गोलीबारी शुरू हो गयी, जिसमें एक बच्ची की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी और चार लोग जख्मी हो गयेl आरोप है कि गोली पूर्व विधायक सूर्यदेव व उनके समर्थकों द्वारा चलायी गयीl इस घटना से आक्रोशित गांव वालों ने पूर्व विधायक के घर को चारों तरफ से घेर लियाl मौके पर पुलिस ने पहुँच कर लोगों को शांत करायाl रात करीब साढ़े आठ बजे एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो घटना स्थल पर पहुंचे और पूर्व विधायक  को उनके घर से गिरफ्तार कियाl गोलीबारी के दौरान मंदिर में खेल रहे चार बच्चों व स्व चंद्रमा सिंह के 35 वर्षीय बेटे छोटेलाल सिंह को गोली लगी, इसमें कयामुद्दीन अंसारी की आठ वर्षीय बेटी स्नेहा खातून की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि चार अन्य जख्मी हो गयेl जख्मी लोगों में छोटेलाल के अलावा भोला सिंह का आठ वर्षीय बेटा प्रकाश कुमार, अमर सिंह का आठ वर्षीय बेटा चंदन कुमार व मुन्ना सिंह का दस वर्षीय बेटा साहिल कुमार शामिल हैl इसमें से प्रकाश कुमार की हालत गंभीर बतायी जाती है, जिसे वाराणसी रेफर कर दिया गया हैl घटना के बारे में बताया जाता है कि पूर्व विधायक डॉ सूरजदेव सिंह और उनके गोतिया के बीच वर्षों से भूमि विवाद का मामला चला आ रहा था। इसी बीच इधर कुछ दिनों से दोनों के बीच बिशेष तनाव व्याप्त हो गया था।
loading…

 13 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *