गुजरात तो संभाल नहीं सकते, बंगाल में क्या करेंगे : ममता बनर्जी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को डराने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल उनकी इस रणनीति से भयभीत नहीं है।
उत्तर बंगाल के बीरपाड़ा में एक जनसभा में बोलते हुए उन्होंने भाजपा नेताओं पर दोहरा रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा गुजरात को तो संभाल नहीं सकती, लेकिन उनकी निगाहें बंगाल पर हैं, यहां वह क्या करेंगे।
बनर्जी ने कहा कि भाजपा उनकी पार्टी से डरी हुई है, इसी वजह से वो हमें डराने का प्रयास कर रहे हैं। तृणमूल को डराया नहीं जा सकता। हमारा सिर हमेशा ऊंचा रहा है, मैं हर चुनौती का स्वीकार करने के लिए तैयार हूँ।
नक्सलबाड़ी इलाके में एक दलित के घर भाजपा अध्यक्ष द्वारा दोपहर का भोजन किये जाने पर उनका नाम लिए बिना कटाक्ष किया कि ‘दोपहर का भोजन दलित के घर और रात का खाना पंचतारा होटल में’। हम महज फोटो खिंचवाने के लिए ऐसे दिखावों पर भरोसा नहीं करते।
उन्होंने भाजपा के खिलाफ धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का आरोप दोहराते हुए लोगों से भगवा पार्टी को कोई समर्थन नहीं देने की अपील की। ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा विभाजन की राजनीति के जरिए बंगाल को बर्बाद करने का प्रयास कर रही है।